सदर अस्पताल के पास मोबाइल चोरी करते दो युवक गिरफ्तार, दो मोबाइल बरामदBy Mid Time Correspondent Sun, 20 September 2026 01:59 PM

रांची: सदर अस्पताल रांची के आसपास लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ाते हुए कार्रवाई की है। पुलिस ने सदर अस्पताल परिसर से दो मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सदर अस्पताल के आसपास लगातार मोबाइल चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अस्पताल के आसपास प्रतिनियुक्त टाइगर मोबाइल, पीसीआर एवं माइक को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में 18 सितंबर 2026 को वादी विवेक पाठक को विनोद पाठक के साथ कुड़रूसो थाना बेड़ो, जिला रांची की ओर से सूचना मिली कि सदर अस्पताल परिसर में दो मोबाइल चोरों को पकड़ा गया है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले का सत्यापन किया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए लोअर बाजार थाना कांड संख्या-161/2026, दिनांक 19 सितंबर 2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शहबाज कुरैशी (32 वर्ष), पिता मोहम्मद महमूद कुरैशी, निवासी गुड्डी चौक कुरैशी मोहल्ला, थाना लोअर बाजार, जिला रांची और मो. दिलशान उर्फ टिल्लू (18 वर्ष), पिता मो. परवेज, निवासी इस्लाम नगर, पत्थलकुदवा, थाना लोअर बाजार, जिला रांची शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक Realme Pro और एक Infinix 5G मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक सदर अस्पताल के आसपास मोबाइल चोरी की घटनाओं को देखते हुए निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी निगरानी के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा गया।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
कार्रवाई में पुअनि संतोष कुमार रजक, सअनि अजय कुमार सिंह, टाइगर मोबाइल के जवान आशी/770 सलीम उद्दीन अंसारी, आशी/2861 विनय कुमार यादव सहित थाना सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।