रांची में स्वर्णिम भारत एक्सपो की शुरुआत, विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिखेगी तस्वीरBy Mid Time Bureau Thu, 22 October 2026 04:39 PM

Ranchi: रांची में गुरुवार से तीन दिवसीय स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026 की शुरुआत हो गई। रांची क्लब लिमिटेड में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। 22 से 24 अक्टूबर तक चलने वाले इस एक्सपो में देश की विकास यात्रा और बदलते भारत की तस्वीर को प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की अलग-अलग योजनाओं, सरकारी संस्थानों की उपलब्धियों, वैज्ञानिक प्रगति और देश में हो रहे नए कामों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

मेक इन इंडिया से विकसित भारत तक का सफर

स्वर्णिम भारत एक्सपो का फोकस देश में हो रहे बदलावों को आम लोगों के सामने रखने पर है। इसमें स्वदेशी उत्पादन, आधुनिक तकनीक, विज्ञान, नवाचार और आत्मनिर्भरता से जुड़े प्रयासों को प्रमुखता दी जा रही है। एक्सपो के जरिए लोगों को यह बताने की कोशिश है कि देश किस तरह ‘मेक इन इंडिया’ से आगे बढ़ते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।

तीन दिन रांची में दिखेगी विकास की झलक

तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में आम लोगों को सरकारी योजनाओं और देश की अलग-अलग उपलब्धियों को करीब से देखने-समझने का मौका मिलेगा। साथ ही विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में हो रही प्रगति और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी मिलेगी। रांची में आयोजित यह एक्सपो देश के विकास, स्वदेशी क्षमता और विकसित भारत के लक्ष्य को लोगों से जोड़ने की एक कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।