
गिद्दी: गिद्दी ए परियोजना की मजदूर कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पानी की किल्लत को लेकर कॉलोनी की महिलाओं में भारी नाराजगी है। महिलाओं का आरोप है कि दुर्गा पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के दौरान भी उन्हें पानी के लिए परेशान होना पड़ा, जबकि दूसरी ओर कुछ अन्य कॉलोनियों में पानी की आपूर्ति जारी रही।
मजदूर कॉलोनी के गांधी चौक और क्षेत्रीय अस्पताल के पीछे स्थित इलाके में रहने वाली महिलाओं का कहना है कि पानी की समस्या के कारण रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। त्योहार के मौके पर दूसरे प्रदेशों से रिश्तेदार भी गिद्दी पहुंचे थे, लेकिन पानी की कमी के चलते लोगों को नहाने और दैनिक जरूरतें पूरी करने तक में परेशानी का सामना करना पड़ा।
महिलाओं ने परियोजना प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि पानी की आपूर्ति बाधित रहने के लिए बार-बार अलग-अलग कारण बताए जाते हैं। उनका कहना है कि एक ओर उनकी कॉलोनी में पानी नहीं मिल रहा था, वहीं दुर्गा मंडप कॉलोनी की नालियों में भी बड़ी मात्रा में पानी बहता दिखाई दे रहा था। इसे लेकर महिलाओं ने प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
महिलाओं ने मांग की है कि कॉलोनी में जल्द से जल्द पेयजल की आपूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन कर सकती हैं। जरूरत पड़ने पर गिद्दी ए परियोजना की खुली खदान का काम बंद कराने की भी चेतावनी दी गई है।
महिलाओं का कहना है कि त्योहारों के दौरान पानी की किल्लत झेलना अब उनकी मजबूरी बनती जा रही है। उन्होंने परियोजना प्रबंधन, खासकर सिविल विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि मजदूर कॉलोनी में पानी की समस्या को दूर करने के लिए प्रबंधन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं और लोगों को कब तक राहत मिल पाती है।