
Ranchi: रांची के खेलगांव में गुरुवार से तीरंदाजी का बड़ा मुकाबला शुरू हो गया। 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026 का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। उद्घाटन समारोह में देशभर से पहुंची पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीमों ने मार्च पास्ट किया और राज्यपाल ने सलामी ली। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
एक लक्ष्य, सैकड़ों निशानेबाज और पदक पर नजर
22 से 26 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में झारखंड समेत 28 पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, राजस्थान, कर्नाटक, हरियाणा, गुजरात समेत कई राज्यों के तीरंदाज रांची पहुंचे हैं। प्रतियोगिता में कुल 432 खिलाड़ी और खेल अधिकारी शामिल हैं। अगले पांच दिनों तक खिलाड़ियों के बीच सटीक निशाने और बेहतर प्रदर्शन की होड़ रहेगी।
पुलिस अफसरों की मौजूदगी में हुआ आगाज
उद्घाटन समारोह में झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा, कैबिनेट सचिव वंदना दादेल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता का मकसद सिर्फ पदक की प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि पुलिस बलों में खेल भावना, अनुशासन, फिटनेस और आपसी समन्वय को मजबूत करना भी है।
26 अक्टूबर को मिलेगा विजेताओं को सम्मान
पांच दिनों की इस तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन 26 अक्टूबर को होगा। समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे और विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। अब खेलगांव में हर तीर के साथ बढ़ेगा रोमांच और हर सटीक निशाने के साथ तय होगी पदक की दौड़।