
Ranchi: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 23 अक्टूबर को दो दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लंबे समय बाद रांची में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होने जा रही है और इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष भी शामिल होंगे। इस अहम बैठक से पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई और पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गईं।
कार्यसमिति की बैठक में संगठन से लेकर रणनीति तक चर्चा
नितिन नबीन नवगठित प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों और पदाधिकारियों के साथ संगठन को लेकर चर्चा करेंगे। बैठक में पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों पर मंथन होने की बात कही गई है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का झारखंड दौरा संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि नितिन नबीन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे।
सरकार पर भी BJP का हमला तेज करने की तैयारी
बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने को लेकर भी जोर दिया गया। वहीं आदित्य साहू ने झारखंड सरकार पर जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य सरकार के खिलाफ अपनी राजनीतिक गतिविधियों को आगे और तेज करेगी। ऐसे में नितिन नबीन का दो दिवसीय दौरा सिर्फ संगठनात्मक बैठक तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि आने वाले दिनों की भाजपा की रणनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
