
Photo: IANS
मुंबई। अभिनेत्री गुल पनाग ने अपनी भांजी संजना की शादी की कुछ खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं। इन तस्वीरों के जरिए उन्होंने पंजाबी परिवारों की शादियों की रौनक, पारंपरिक रस्मों, खान-पान, पहनावे और पारिवारिक मेल-मिलाप की दिलचस्प झलक पेश की। अभिनेत्री ने बताया कि किस तरह ऐसी शादियां केवल दो लोगों का मिलन नहीं, बल्कि पूरे परिवार के लिए यादगार उत्सव बन जाती हैं।
'डोर' फेम अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरों की एक सीरीज साझा करते हुए पंजाबी शादियों की खासियतों पर एक भावुक पोस्ट लिखी। उन्होंने कहा कि इन शादियों में खूबसूरत कपड़ों और गहनों से लेकर लजीज पकवानों, पारिवारिक बातचीत, नाच-गाने और जश्न मनाने के उत्साह तक सब कुछ खास होता है।
गुल ने लिखा कि बड़े पंजाबी परिवारों की शादियों में एक अलग ही आकर्षण होता है। सालों बाद मिलने वाले रिश्तेदारों के बीच बातचीत फिर वहीं से शुरू हो जाती है, जहां पिछली मुलाकात में छूटी थी। इन मौकों पर अलमारियों और लॉकरों से खास गहने निकलते हैं और हर किसी को सजने-संवरने का एक नया बहाना मिल जाता है।
अभिनेत्री ने उम्र के साथ परिवार में अपनी बदलती भूमिका का भी जिक्र किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कभी वह परिवार की उन लड़कियों में शामिल हुआ करती थीं, जो शादी समारोहों में खूब मस्ती करती थीं, लेकिन अब वह आंटियों की जमात में आ गई हैं। हालांकि, उनका वार्डरोब अभी इस बदलाव को पूरी तरह स्वीकार नहीं कर पाया है।
संजना के साथ अपने खास रिश्ते को याद करते हुए गुल ने बताया कि उनकी भांजी का जन्म उनके सामने हुआ था। ऐसे में उसे बचपन से बड़ा होते और फिर दुल्हन के रूप में देखना उनके लिए बेहद भावुक अनुभव रहा। उन्होंने संजना को बेहद खूबसूरत दुल्हन बताते हुए उसके जीवनसाथी शौर्य की भी तारीफ की।
गुल ने आगे कहा कि अगली पीढ़ी को पारिवारिक परंपराओं और शादी की रस्मों को अपनाते देखना अपने आप में खास अनुभव है। अब परिवार की पुरानी परंपराओं को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उनकी पीढ़ी पर है। उन्होंने पांच दिनों तक चले शादी समारोह को सजने-संवरने, पुरानी यादें ताजा करने, हंसने, नाचने और अपनों के साथ भावुक पल साझा करने का खूबसूरत संगम बताया।
अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में शादी के दौरान हुए कुछ दिलचस्प घटनाक्रमों का भी संकेत दिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में 'मांगने, उधार लेने और चुराने' जैसी बातों का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे जुड़ी कुछ और कहानियां तस्वीरों को आगे देखने पर सामने आएंगी।
शादी के फैशन से जुड़ा एक मजेदार किस्सा साझा करते हुए गुल ने बताया कि समारोह के लिए उन्होंने अपने सभी परिधानों की पहले से योजना बना रखी थी। लेकिन एक दिन घर से निकलने से ठीक पहले उनकी नजर गुलाबी रंग के एक परिधान पर पड़ी और उन्होंने अचानक उसे पहनने का फैसला कर लिया। उनके मुताबिक, पांच दिनों की पूरी तैयारी के बावजूद कभी-कभी अचानक लिए गए फैसले ही खास बन जाते हैं।
तस्वीरों में गुल पनाग रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में नजर आईं। कहीं वह मेहंदी लगवाती दिखीं तो कहीं परिवार के सदस्यों के साथ तस्वीरें खिंचवाती नजर आईं। उनकी साझा की गई झलकियों में पंजाबी शादी का उत्साह, पारिवारिक अपनापन, फैशन और परंपराओं का खूबसूरत मेल देखने को मिला।