महंगाई का एक और झटका! अमूल दूध 6 रुपये प्रति लीटर तक महंगा, जानें नई कीमतेंBy Mid Time Bureau Thu, 12 November 2026 04:23 PM

रांची: महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और झटका लगा है। दूध खरीदने के लिए अब उपभोक्ताओं को पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। अमूल ने अपने अलग-अलग वैरायटी के दूध की कीमतों में 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें लागू होने के बाद रोजाना दूध खरीदने वाले परिवारों का मासिक बजट भी प्रभावित होगा।

अमूल ताजा से लेकर गोल्ड तक महंगा

कीमतों में बदलाव के बाद अमूल के विभिन्न प्रकार के दूध के दाम बढ़ गए हैं। नई कीमतों के मुताबिक, अमूल ताजा टोन्ड दूध अब 57 रुपये के बजाय 59 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, अमूल शक्ति की कीमत 63 रुपये से बढ़कर 67 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

इसी तरह अमूल गोल्ड के लिए अब ग्राहकों को 70 रुपये की जगह 74 रुपये प्रति लीटर चुकाने होंगे। जबकि भैंस के फुल क्रीम दूध की कीमत 80 रुपये से बढ़कर 86 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।

हर महीने 180 रुपये तक बढ़ सकता है खर्च

दूध की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों की जेब पर पड़ने वाला है। खासकर उन घरों का मासिक बजट प्रभावित होगा, जहां रोजाना एक लीटर या उससे अधिक दूध की खपत होती है।

अगर कोई परिवार प्रतिदिन एक लीटर दूध खरीदता है, तो नई कीमतों के हिसाब से उसे महीने में करीब 60 से 180 रुपये तक अतिरिक्त खर्च करने पड़ सकते हैं। ऐसे में दूध के दाम बढ़ने से घरेलू बजट पर महंगाई का दबाव और बढ़ना तय है।