यूथ ओलंपिक में भारत ने 10 पदकों के साथ अभियान समाप्त किया, बॉक्सिंग में रचा ऐतिहासिक स्वर्णिम इतिहासBy IANS Fri, 13 November 2026 02:15 PM

Photo: IANS

नई दिल्ली: भारत ने डकार में आयोजित 2026 समर यूथ ओलंपिक में 10 पदकों के साथ अपना अभियान समाप्त किया। भारतीय खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता के इतिहास में अपना दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया।

भारत के पदक सात अलग-अलग खेलों में आए। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में खेलो इंडिया के पांच एथलीट भी शामिल रहे। इनमें बैडमिंटन की तन्वी पत्री, जूडो की खुशबू राजकभाई दरजादा, एथलेटिक्स के शौर्य अंबुरे, बॉक्सिंग की गुंजन और तैराकी के तीर्थंक पेगू शामिल हैं।

भारत के 17 सदस्यीय दल में से नौ खिलाड़ियों ने पदक जीते। वहीं, तैराक धिनिधि देसिंघु ने एक ही संस्करण में दो पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह यूथ ओलंपिक के एक संस्करण में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं।

भारत का 10 पदकों का प्रदर्शन केवल 2018 यूथ ओलंपिक में जीते गए 13 पदकों से पीछे रहा। उस संस्करण में भारत ने कुल 13 पदक हासिल किए थे।

इस बार बॉक्सिंग भारत के लिए सबसे सफल खेल बनकर उभरी। लैरेनलकपम अंबेकर मीतेई ने लड़कों के 50 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि गुंजन ने लड़कियों के 48 किलोग्राम वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया।

इन दोनों जीत के साथ भारत ने यूथ ओलंपिक के इतिहास में बॉक्सिंग में अपने पहले स्वर्ण पदक हासिल किए। साथ ही, प्रतियोगिता में पहली बार भारतीय मुक्केबाजों ने एक ही संस्करण में दो स्वर्ण पदक जीतने का गौरव प्राप्त किया।

दो स्वर्ण पदकों के साथ भारत ने यूथ ओलंपिक के किसी एक संस्करण में अपना दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्वर्ण पदक प्रदर्शन भी दर्ज किया।

प्रतियोगिता के दौरान अन्य खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। शौर्य अंबुरे ने लड़कियों की 100 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीतकर यूथ ओलंपिक में एथलेटिक्स का पहला पदक भारत के नाम किया।

वहीं, तानिया ने लड़कियों के 75 किलोग्राम फ्रीस्टाइल बीच रेसलिंग में रजत पदक जीतकर इस स्पर्धा में भारत को पहला यूथ ओलंपिक पदक दिलाया।

तैराकी और वुशु में भी भारत ने पहली बार यूथ ओलंपिक पदक हासिल किए। तैराकी इस बार भारत का सबसे सफल खेल रहा, जिसमें देश को कुल तीन पदक मिले।

धिनिधि देसिंघु ने लड़कियों की 100 मीटर और 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक जीते। वहीं, तीर्थंक पेगू ने लड़कों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।

बैडमिंटन में तन्वी पत्री ने लड़कियों की एकल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर यूथ ओलंपिक में पदक हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया।

जूडो में खुशबू राजकभाई दरजादा ने लड़कियों के 63 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया।

इसके अलावा, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के इंफाल स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCOE) की खिलाड़ी राजकुमारी लांचेनबी चानू ने लड़कियों की चांगक्वान कंबाइंड स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने यूथ ओलंपिक में भारत को वुशु का पहला पदक दिलाया।

भारत ने जिन 11 खेलों में हिस्सा लिया था, उनमें से सात में पदक जीतना युवा खिलाड़ियों की बढ़ती प्रतिभा और विभिन्न खेल विधाओं में देश की मजबूत होती उपस्थिति को दर्शाता है।

डकार यूथ ओलंपिक 2026 में भारत के पदक विजेता:

स्वर्ण पदक:
1. लैरेनलकपम अंबेकर मीतेई – बॉक्सिंग (लड़कों का 50 किलोग्राम वर्ग)
2. गुंजन – बॉक्सिंग (लड़कियों का 48 किलोग्राम वर्ग)

रजत पदक:
1. खुशबू राजकभाई दरजादा – जूडो (लड़कियों का 63 किलोग्राम वर्ग)
2. तन्वी पत्री – बैडमिंटन (लड़कियों की एकल स्पर्धा)
3. तानिया – बीच रेसलिंग (लड़कियों का 75 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग)

कांस्य पदक:
1. धिनिधि देसिंघु – तैराकी (लड़कियों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल)
2. राजकुमारी लांचेनबी चानू – वुशु (लड़कियों की चांगक्वान कंबाइंड स्पर्धा)
3. धिनिधि देसिंघु – तैराकी (लड़कियों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल)
4. तीर्थंक पेगू – तैराकी (लड़कों की 200 मीटर बटरफ्लाई)
5. शौर्य अंबुरे – एथलेटिक्स (लड़कियों की 100 मीटर बाधा दौड़)