मस्क सात दिनों में X का नया एल्गोरिदम सार्वजनिक करेंगेBy Admin Sun, 11 January 2026 06:01 AM









नई दिल्ली - टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने कहा है कि वह सात दिनों के भीतर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X का नया एल्गोरिदम आम जनता के लिए खोल देंगे। इसमें ऑर्गेनिक और विज्ञापन पोस्ट की सिफारिश से जुड़ा पूरा कोड शामिल होगा।

मस्क ने कहा, “हम एक सप्ताह में पूरा एल्गोरिदम प्रकाशित करेंगे। अभी इसमें काफी सुधार की गुंजाइश है। इसका उद्देश्य आपको वही दिखाना है, जिसमें आपकी रुचि होने की सबसे ज्यादा संभावना हो। लक्ष्य यह है कि उपयोगकर्ता बिना पछतावे के अधिक समय प्लेटफॉर्म पर बिताएं।”

उन्होंने X पर एक पोस्ट में यह भी कहा, “हर चार सप्ताह में यह प्रक्रिया दोहराई जाएगी और इसके साथ विस्तृत डेवलपर नोट्स भी जारी किए जाएंगे, ताकि यह समझा जा सके कि क्या बदलाव किए गए हैं।”

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मस्क ने यह स्पष्ट नहीं किया कि X अपने एल्गोरिदम को ओपन सोर्स क्यों बना रहा है। इससे पहले मस्क और उनकी कंपनी का उपयोगकर्ताओं को दिखाए जाने वाले कंटेंट को लेकर नियामकों के साथ कई बार टकराव हो चुका है।

यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब यूरोपीय आयोग ने पिछले वर्ष X को भेजे गए रिटेंशन ऑर्डर को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है, जो एल्गोरिदम और अवैध कंटेंट के प्रसार से संबंधित था।

इससे पहले X के कुछ यूजर्स ने शिकायत की थी कि उन्हें प्लेटफॉर्म पर उन लोगों की पोस्ट कम दिखाई दे रही हैं, जिन्हें वे फॉलो करते हैं।

अक्टूबर में मस्क ने X पर एक पोस्ट के जरिए पुष्टि की थी कि कंपनी ने प्लेटफॉर्म के “फॉर यू” एल्गोरिदम में एक “गंभीर बग” पाया है और उसे ठीक करने का वादा किया था।

कंपनी X के रिकमेंडेशन एल्गोरिदम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अधिक उपयोग पर भी काम कर रही है, जिसमें Grok का इस्तेमाल किया जा रहा है।

इस बीच, मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप xAI ने एनवीडिया, वेलर इक्विटी पार्टनर्स और कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी समेत कई निवेशकों से 20 अरब डॉलर की फंडिंग राउंड पूरी करने की घोषणा की है।

कंपनी ने व्यक्तिगत निवेश राशि या कर्ज और इक्विटी के विभाजन का खुलासा नहीं किया। इस फंडिंग में स्टेपस्टोन ग्रुप, फिडेलिटी मैनेजमेंट एंड रिसर्च, एमजीएक्स, बैरन कैपिटल ग्रुप और सिस्को सिस्टम्स इंक के निवेश समूह जैसे निवेशकों ने भी भाग लिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, xAI ने लगभग 7.5 अरब डॉलर की इक्विटी और 12.5 अरब डॉलर तक का कर्ज जुटाने की योजना बनाई थी, जिसे एक विशेष प्रयोजन वाहन (एसपीवी) में रखकर एनवीडिया प्रोसेसर खरीदे जाने थे। इन चिप्स को पांच वर्षों के लिए किराये पर दिया जाना था, जिससे निवेशक अपनी पूंजी वापस हासिल कर सकें।

—आईएएनएस

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement