एयर इंडिया विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में कोई खराबी नहीं, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दी सफाईBy Admin Wed, 04 February 2026 03:29 AM









नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयर इंडिया के बोइंग बी787-8 विमान वीटी-एएनएक्स के फ्यूल कट-ऑफ स्विच में कथित खराबी से जुड़ी खबरों पर मंगलवार को स्पष्टीकरण जारी किया। मंत्रालय ने कहा कि जांच में फ्यूल कंट्रोल स्विच पूरी तरह से सही पाया गया है।

मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बोइंग द्वारा सुझाई गई जांच प्रक्रिया के आधार पर एयर इंडिया के इंजीनियरों ने पाया कि बाएं और दाएं दोनों स्विच संतोषजनक स्थिति में थे। स्विच का लॉकिंग दांत पूरी तरह से फिट था और वह ‘रन’ से ‘कटऑफ’ स्थिति में अपने आप नहीं जा रहा था। स्विच के बेस प्लेट के समानांतर पूरा दबाव डालने पर भी स्विच सुरक्षित रहा। हालांकि गलत दिशा में बाहरी दबाव डालने पर, बेस प्लेट के कोणीय डिजाइन के कारण स्विच आसानी से ‘रन’ से ‘कटऑफ’ में जा सकता है।

मंत्रालय ने बताया कि बोइंग के निर्देशों के अनुसार फ्यूल कंट्रोल स्विच पर ‘पुल-टू-अनलॉक’ बल की भी जांच की गई। यह जांच संबंधित फ्यूल कट-ऑफ स्विच, लगाए जाने वाले फ्यूल कंट्रोल यूनिट और एक अन्य विमान के स्विच पर की गई। सभी मामलों में यह बल निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया। यह निरीक्षण डीजीसीए अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का भी बोइंग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विश्लेषण किया गया। जांच में पाया गया कि वीडियो में दिखाया गया तरीका गलत है।

मंत्रालय ने एयर इंडिया को निर्देश दिया है कि वह अपने चालक दल के सदस्यों को फ्यूल कट-ऑफ स्विच के संचालन से संबंधित बोइंग की अनुशंसित प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराए।

मंत्रालय के अनुसार, 1 फरवरी 2026 को एयर इंडिया का बी787-8 विमान वीटी-एएनएक्स लंदन से बेंगलुरु के लिए फ्लाइट एआई-132 संचालित कर रहा था। लंदन में इंजन स्टार्ट करते समय चालक दल ने दो बार देखा कि हल्का ऊर्ध्वाधर दबाव देने पर फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘रन’ स्थिति में स्थिर नहीं रह रहा था। तीसरे प्रयास में स्विच सही तरीके से ‘रन’ स्थिति में लॉक हो गया और स्थिर रहा।

आगे की प्रक्रिया जारी रखने से पहले चालक दल ने भौतिक रूप से जांच कर यह सुनिश्चित किया कि स्विच पूरी तरह ‘रन’ स्थिति में लॉक है। इंजन स्टार्ट के दौरान या उसके बाद किसी भी समय कोई असामान्य इंजन पैरामीटर, चेतावनी या सिस्टम संदेश नहीं मिला।

उड़ान के दौरान चालक दल को इस स्थिति की जानकारी दी गई और स्विच के अनावश्यक संपर्क से बचते हुए इंजन संकेतकों और अलर्ट सिस्टम पर लगातार नजर रखी गई। उड़ान बिना किसी घटना के पूरी हुई।

बेंगलुरु पहुंचने के बाद चालक दल ने इस खामी की जानकारी पीडीआर में दर्ज कराई। इसके बाद एयर इंडिया ने मामले को बोइंग के पास भेजा, जिसके निर्देश पर एयरलाइन के इंजीनियरिंग विभाग ने डीजीसीए अधिकारियों की मौजूदगी में विस्तृत जांच की।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement