
नेपाल के मकवानपुर जिले में छठ पर्व मनाने घर लौट रहे लोगों के साथ बड़ा हादसा हो गया। गुरुवार सुबह काठमांडू से सर्लाही जा रही एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानीगढ़ी इलाके में हुआ।
जानकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वैन (मधेस प्रदेश 03-001 ज 0880) गुरुवार सुबह करीब 6:10 बजे काठमांडू से सर्लाही की ओर जा रही थी। इसी दौरान चिसापानीगढ़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वैन सड़क से करीब 700 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार 10 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों में ज्यादातर लोग सर्लाही जिले के रहने वाले थे। हालांकि, काफी देर तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। जिला पुलिस कार्यालय मकवानपुर के पुलिस अधीक्षक श्याम खत्री भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
हादसे के बाद बचाव दल ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला। तीनों घायलों को इलाज के लिए हेटौंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को भी खाई से निकालकर हेटौंडा लाया जा रहा है।
दुर्घटनास्थल इलाका प्रहरी कार्यालय भीमफेदी से करीब आठ किलोमीटर उत्तर में स्थित है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
गौरतलब है कि छठ पर्व को लेकर नेपाल की राजधानी काठमांडू समेत दूसरे शहरों से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। इसी बीच हुए इस भीषण हादसे ने कई परिवारों की पर्व की खुशियों को मातम में बदल दिया।