यूक्रेन को सैन्य मदद पर अमेरिका ने लगाई रोक, हथियार भंडार घटने पर चिंताBy Admin Wed, 02 July 2025 11:08 AM









ह्यूस्टन-  अमेरिका ने अपने सैन्य भंडार की समीक्षा के बाद यूक्रेन को दी जा रही सैन्य मदद का एक हिस्सा रोक दिया है। व्हाइट हाउस और पेंटागन ने इसकी पुष्टि की है।

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता एना केली ने बयान में कहा, “यह फैसला अमेरिका के हितों को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। हमने दुनिया के अन्य देशों को दी जा रही सैन्य मदद और सहयोग की व्यापक समीक्षा के बाद यह कदम उठाया है।”

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब अमेरिका के सैन्य भंडार में हथियारों की कमी को लेकर चिंता जताई जा रही है।

झिंहुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीने अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने देश के हथियार भंडार की समीक्षा का आदेश दिया था। यह आदेश बीते तीन वर्षों में यूक्रेन को दी गई सैन्य मदद, यमन के हूथी गुट और ईरान पर हालिया हमलों के मद्देनज़र दिया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, समीक्षा में यह पाया गया कि अमेरिका ने जिन हथियारों की पहले यूक्रेन को आपूर्ति की थी, उनमें से कुछ की अमेरिकी भंडार में बेहद कमी आ गई है।

अमेरिकी रक्षा विभाग में नीति के उप-सचिव एल्ब्रिज कोल्बी ने कहा, “पेंटागन राष्ट्रपति को यूक्रेन को सैन्य मदद जारी रखने के लिए कई विकल्प देता रहेगा, ताकि इस दुखद युद्ध को खत्म करने के प्रयासों में मदद मिल सके।”

कोल्बी ने कहा, “साथ ही, रक्षा मंत्रालय अमेरिकी सैन्य बलों की तैयारियों को बनाए रखते हुए अपने लक्ष्य प्राप्त करने के तरीकों की गंभीरता से समीक्षा और उसमें सुधार कर रहा है।”

गत सप्ताह हेग में हुए नाटो सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की मुलाकात हुई थी। इसके बाद ट्रंप ने पत्रकारों से कहा था कि यूक्रेन अमेरिका से पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम हासिल करना चाहता है।

ट्रंप ने कहा, “वे एंटी-मिसाइल सिस्टम यानी पैट्रियट मिसाइलें चाहते हैं। हम देखेंगे कि हम कुछ उपलब्ध करा सकते हैं या नहीं। हमें खुद भी उनकी जरूरत है।”

उन्होंने आगे कहा, “हम इन्हें इज़राइल को भी दे रहे हैं और ये बेहद प्रभावी साबित हो रही हैं, 100 प्रतिशत कारगर। यकीन करना मुश्किल है कि ये कितनी प्रभावी हैं। यूक्रेन इन्हें किसी भी अन्य चीज से ज्यादा चाहता है।”

कुछ विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिका द्वारा यूक्रेन को दी जाने वाली मदद में और कटौती के संकेत मिल रहे हैं। बीते महीने यूक्रेन को सैन्य सहायता समन्वयित करने के लिए बने अंतरराष्ट्रीय समूह की बैठक में अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ शामिल नहीं हुए। ऐसा पहली बार हुआ जब अमेरिका का रक्षा मंत्री इस बैठक में मौजूद नहीं रहा।

रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका यूक्रेन को 66 अरब डॉलर से अधिक की सैन्य मदद और हथियार उपलब्ध करा चुका है।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement