अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ से अब तक 109 लोगों की मौत, 160 से अधिक लोग लापताBy Admin Wed, 09 July 2025 06:04 AM









ह्यूस्टन — अमेरिका के टेक्सास राज्य में आई भीषण फ्लैश फ्लड (अचानक आई बाढ़) से अब तक कम से कम 109 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 160 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। राहत एवं बचाव कार्य ग्वाडालूप नदी के किनारे लगातार जारी है।

अधिकारियों के अनुसार, इन 109 मौतों में से 87 सिर्फ केर काउंटी में हुई हैं। हंट, टेक्सास में ग्वाडालूप नदी के किनारे स्थित कैंप मिस्टिक ने पुष्टि की है कि बाढ़ के कारण कम से कम 27 कैंपर और काउंसलर की मौत हो गई है, यह जानकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने दी।

टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने मंगलवार दोपहर को एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि बाढ़ के कारण कम से कम 161 लोग लापता हैं। उन्होंने कहा कि ग्वाडालूप नदी प्रणाली में लापता लोगों की तलाश लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को अपने मित्र या रिश्तेदार की कोई जानकारी है, तो वह स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करें।

कैंप मिस्टिक की ओर से एक बयान में कहा गया,
"हमारा दिल उन परिवारों के साथ टूटा हुआ है जो इस अकल्पनीय त्रासदी से गुजर रहे हैं। हम लगातार उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं।"

बयान में यह भी कहा गया कि वे स्थानीय और राज्य प्रशासन के संपर्क में हैं, जो हमारी लापता लड़कियों की खोज के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

केर काउंटी के शेरिफ लैरी लीथा के अनुसार, कैंप मिस्टिक की कम से कम पांच बच्चियां और एक काउंसलर अब भी लापता हैं। उन्होंने बताया कि जब बाढ़ आई, उस समय कैंप मिस्टिक में करीब 750 बच्चे मौजूद थे।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गवर्नर एबॉट के अनुरोध पर केर काउंटी को 'मेजर डिजास्टर ज़ोन' घोषित किया है। शनिवार को एबॉट ने बाढ़ से तबाह समर कैंप का दौरा किया और उसे "भयंकर रूप से बर्बाद" बताया।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने टेक्सास में बाढ़ के कारण हुए जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

उनके प्रवक्ता स्टेफन दुजारिक ने एक बयान में कहा,
"महासचिव टेक्सास में हाल ही में आई बाढ़ से बड़ी संख्या में, विशेष रूप से बच्चों की, जान जाने पर अत्यंत दुखी हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब लोग छुट्टी के मौके पर जश्न मना रहे थे।"

गुटेरेस ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और टेक्सास के लोगों और अमेरिकी सरकार के प्रति एकजुटता जताई।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement