भारत में 2.5 लाख से अधिक स्टार्टअप, नए वेंचर फंड मैनेजरों के लिए बड़े अवसर : रिपोर्टBy IANS Fri, 13 November 2026 02:26 PM

Photo: IANS

नई दिल्ली। भारत में मान्यता प्राप्त स्टार्टअप की संख्या अक्टूबर 2026 में 2.5 लाख के पार पहुंच गई है। इनमें से आधे से अधिक स्टार्टअप महानगरों के बाहर स्थित हैं। ऐसे में उभरते वेंचर फंड मैनेजरों के लिए देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम में निवेश के नए अवसर सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में यह बात कही गई।

ग्रांट थॉर्नटन भारत और इंडियन वेंचर एंड अल्टरनेट कैपिटल एसोसिएशन (आईवीसीए) की संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में घरेलू वेंचर फंड जुटाने की राशि दोगुनी होकर 5.4 अरब डॉलर पहुंच गई। हालांकि, बाजार में निवेश को लेकर बढ़ती सतर्कता के बीच 2026 के पहले नौ महीनों में शुरुआती चरण के स्टार्टअप को मिलने वाली फंडिंग में 37 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम अब ऐसे दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां विशेषज्ञता रखने वाले वेंचर फंड मैनेजरों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। वे संभावनाशील कारोबारों की पहचान करने और निवेशकों को बेहतर रिटर्न दिलाने में अहम योगदान दे सकते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, उभरते फंड मैनेजरों को निवेशकों और सीमित भागीदारों (एलपी) के लिए बेहतर रिटर्न सुनिश्चित करने तथा सफल निकास की संभावनाएं बढ़ाने के लिए कुछ प्राथमिकताओं पर ध्यान देना होगा। इनमें गहन शोध पर आधारित स्पष्ट निवेश रणनीति तैयार करना, संभावित निकास के वास्तविक अवसरों के अनुरूप फंड का आकार तय करना और आगे के निवेश के लिए पर्याप्त राशि सुरक्षित रखना शामिल है।

इसके अलावा, पोर्टफोलियो कंपनियों के विस्तार के दौरान सक्रिय सहयोग देना और रणनीतिक बिक्री, सेकेंडरी शेयर बिक्री तथा आईपीओ के जरिए निवेश से बाहर निकलने की योजना पहले से तैयार करना भी जरूरी बताया गया है।

रिपोर्ट में नए फंड मैनेजरों के लिए बेहतर सहयोग व्यवस्था विकसित करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया है। इसके तहत 10,000 करोड़ रुपये के स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 में पहली बार फंड स्थापित करने वाले प्रबंधकों के लिए एक विशेष व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, इन उपायों से उभरते फंड मैनेजर विश्वसनीय विशेषज्ञ फंड के रूप में विकसित हो सकते हैं और भारत के स्टार्टअप एवं नवाचार क्षेत्र में दीर्घकालिक निवेश को बढ़ावा दे सकते हैं।

ग्रांट थॉर्नटन भारत के पार्टनर अमरजीत मखीजा ने कहा कि गहन शोध और स्वतंत्र सोच के आधार पर निवेश रणनीति तैयार करने वाले नए फंड मैनेजरों को शुरुआती दौर में फंड जुटाने में मुश्किल हो सकती है, लेकिन इससे उन्हें लंबे समय में सफल होने की बेहतर संभावना मिलती है।

उन्होंने कहा कि संभावित निवेशकों से संपर्क करने से पहले फंड मैनेजरों को अपनी स्पष्ट निवेश रणनीति, अन्य फंडों से अलग निवेश अवसरों की पहचान करने की क्षमता और अपनी रणनीति के अनुरूप कंपनियों की संभावित सूची प्रस्तुत करने में सक्षम होना चाहिए।

शी कैपिटल की संस्थापक एवं प्रबंध साझेदार तथा आईवीसीए की कार्यकारी समिति की सदस्य और इमर्जिंग मैनेजर्स काउंसिल की सह-अध्यक्ष अनिषा सिंह ने कहा कि उभरते फंड मैनेजर नए क्षेत्रों की पहचान करने, उन अवसरों में निवेश करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिन्हें अब तक पर्याप्त समर्थन नहीं मिला है। इससे देश का निवेश परिदृश्य भी व्यापक होता है।

उन्होंने कहा कि अब संस्थागत पूंजी तक पहुंच मजबूत करने, निवेश से बाहर निकलने के अधिक अनुमानित रास्ते तैयार करने और भरोसेमंद फंड मैनेजरों को पहले फंड से आगे विस्तार करने में मदद देने को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

सिंह के मुताबिक, भारत के निजी पूंजी बाजार को दीर्घकालिक रूप से मजबूत और स्थिर बनाने के लिए उभरते फंड मैनेजरों का बेहतर इकोसिस्टम विकसित करना जरूरी है।