तमाड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेलBy Mid Time Bureau Fri, 13 November 2026 07:07 PM

रांची: तमाड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तामराना स्थित जंगल में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तामराना निवासी लखविन्द्र मुंडा (पिता लखीराम मुंडा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना 9 नवंबर की है। इस संबंध में पीड़िता की मां ने तमाड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर तमाड़ थाना कांड संख्या 73/26 के तहत बीएनएस की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और बुंडू एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने बच्ची को मिठाई बनाने के लिए चावल का आटा लाने के बहाने मील ले जाने की बात कही थी। हालांकि, वह बच्ची को मील ले जाने के बजाय जबरन सुनसान जंगल में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।


पुलिस ने आरोपी के पास से मिट्टी लगे शर्ट समेत अन्य कपड़े जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। छापेमारी दल में बुंडू एसडीपीओ, तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।