
म्यूजिक कंपोजर और सिंगर अनिरुद्ध रविचंदर ने अपनी शादी की खबर साझा कर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। लंबे समय से उनके और सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन के रिश्ते को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। अब अनिरुद्ध ने सोशल मीडिया पर अपनी वेडिंग फोटो शेयर कर इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। दोनों शादी के बंधन में बंध चुके हैं।
अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन ने 11 नवंबर को ग्रीस में एक निजी समारोह में शादी की। शादी के बाद अनिरुद्ध ने काव्या के साथ अपनी पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, "मेरी जिंदगी में एक बार मिलने वाला, जो जिंदगी भर के लिए है, 11.11।"
शादी के खास मौके पर अनिरुद्ध आइवरी रंग के पारंपरिक परिधान में नजर आए। उन्होंने कुर्ते के साथ मैचिंग वेष्टि और लॉन्ग जैकेट पहनी थी। वहीं, काव्या भी वेडिंग लुक में बेहद खूबसूरत नजर आईं।
शादी की पहली तस्वीर के बाद अनिरुद्ध ने काव्या के साथ दो और तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में दोनों मैचिंग ब्राउन आउटफिट में दिखाई दे रहे हैं। एक तस्वीर में कपल हाथों में हाथ डालकर पोज देता नजर आया, जबकि दूसरी तस्वीर में काव्या प्यार भरी नजरों से अनिरुद्ध को देखती दिखाई दीं।
सोशल मीडिया पर तस्वीरें सामने आते ही बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। पूजा हेगड़े और सामंथा रुथ प्रभु समेत कई सेलिब्रिटीज और फैंस ने दोनों को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
ग्रीस में निजी समारोह में शादी करने के बाद अनिरुद्ध और काव्या 21 नवंबर को चेन्नई में ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित करने वाले हैं। इस समारोह में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के अलावा राजनीति और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

