
Photo: IANS
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण आज फिल्म इंडस्ट्री की सबसे सफल और भरोसेमंद अभिनेत्रियों में शुमार हैं। हालांकि, उनके इस मुकाम तक पहुंचने का सफर छोटे-छोटे संघर्षों और बड़े सपनों से होकर गुजरा है। अभिनेत्री ने एक बार खुलासा किया था कि अपने शुरुआती दिनों में उन्होंने मॉडलिंग पोर्टफोलियो बनवाने के लिए मां से 10 हजार रुपये उधार लिए थे और वादा किया था कि एक दिन वह अपने परिवार को गर्व महसूस कराएंगी।
दीपिका ने हॉलीवुड फिल्म 'XXX: द रिटर्न ऑफ जेंडर केज' से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कदम रखा था। फिल्म के प्रचार के दौरान वह मशहूर अमेरिकी टॉक शो 'द एलेन डीजेनरेस शो' में पहुंची थीं, जहां उन्होंने अपने परिवार और अभिनय की दुनिया में आने के फैसले से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए।
बातचीत के दौरान दीपिका ने अपने पिता और दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण के खेल करियर का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने उस दौर में बैडमिंटन को करियर के रूप में चुना था, जब भारत में पेशेवर खेलों को ज्यादा महत्व नहीं दिया जाता था।
दीपिका ने कहा कि उस समय ज्यादातर लोग डॉक्टर या वकील बनना चाहते थे, लेकिन उनके पिता ने खेल को अपना पेशा बनाया। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी पिता की तरह बैडमिंटन खिलाड़ी बनने के बारे में सोचा था, तो अभिनेत्री ने कहा कि ऐसा करने से उनके पिता खुश होते, लेकिन उन्होंने हमेशा उन्हें अपनी पसंद का रास्ता चुनने की आजादी दी।
दीपिका ने बताया कि उन्हें महज 16 साल की उम्र में ही एहसास हो गया था कि वह अभिनेत्री बनना चाहती हैं। कैमरे के सामने रहना उन्हें बेहद खुशी देता है और अभिनय के प्रति उनका लगाव बचपन से ही था।
अपने संघर्ष के शुरुआती दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि एक दिन उन्होंने अपनी मां को बैठाकर उनसे 10 हजार रुपये उधार मांगे थे। इस पैसे की जरूरत उन्हें अपना पोर्टफोलियो तैयार करवाने के लिए थी।
दीपिका ने कहा, "एक दिन मैंने अपनी मां को बैठाया और उनसे पूछा कि क्या वह मुझे 10 हजार रुपये उधार दे सकती हैं। मुझे अपना पोर्टफोलियो बनवाने के लिए पैसों की जरूरत थी। मैंने उनसे कहा था कि एक दिन मैं आपको गर्व महसूस कराऊंगी और किसी दिन आपके पैसे भी लौटा दूंगी।"
दीपिका ने वर्ष 2007 में शाहरुख खान के साथ फिल्म 'ओम शांति ओम' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने 'ये जवानी है दीवानी', 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'गोलियों की रासलीला राम-लीला', 'पीकू', 'बाजीराव मस्तानी', 'पद्मावत', 'छपाक', 'पठान', 'जवान' और 'कल्कि 2898 एडी' जैसी फिल्मों में काम किया।
अब दीपिका एक बार फिर शाहरुख खान के साथ बहुप्रतीक्षित फिल्म 'किंग' में नजर आएंगी।