रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, पुलिस ने जारी किए नए निर्देशBy Admin Wed, 13 May 2026 06:23 PM

रांची: राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर बुधवार को ट्रैफिक एसपी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात डीएसपी, ट्रैफिक थाना प्रभारी समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्याओं और नियम उल्लंघन पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि ब्लैक फिल्म, फैंसी नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, रैश ड्राइविंग और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा निर्धारित सीट से अधिक सवारी बैठाने वाले वाहन चालकों और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो और टोटो चालकों को यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य करने का भी निर्देश दिया है।
बैठक में यह भी सामने आया कि कई जगहों पर “लेफ्ट फ्री” रहने के बावजूद वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है। ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

सभी ट्रैफिक थाना प्रभारियों को स्कूल खुलने और छुट्टी के समय अपने-अपने क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने तथा चौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

ट्रैफिक एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है ताकि रांची में सुगम यातायात व्यवस्था कायम रह सके।