
रामगढ़: उपायुक्त Rituraj ने बुधवार को मांडू प्रखंड के सुगिया क्षेत्र स्थित बिरहोर टोला का दौरा कर वहां चल रही सरकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिरहोर परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बिरहोर समुदाय की आवासीय व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली जैसी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिरहोर समुदाय के हर पात्र परिवार तक पहुंचाया जाए।
उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, पेंशन योजना और मनरेगा समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों की शिक्षा और स्कूल में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बिरहोर टोला में नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने, कुपोषण और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि विशेष जनजातीय समुदायों के विकास और सामाजिक सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है। अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा कर योजनाओं की निगरानी करने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
दौरे के दौरान उप विकास आयुक्त, गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।