
रांची : नीट 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध का असर राजधानी रांची में भी देखने को मिला। बुधवार को अल्बर्ट एक्का चौक पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक मेहनत कर डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, लेकिन परीक्षा के बाद पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आने से मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है। उनका कहना था कि इतनी बड़ी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में अगर प्रश्नपत्र लीक हो जाता है, तो यह पूरी परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
छात्रों ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा पर लोगों का भरोसा कमजोर हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान आइसा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की भी मांग की। छात्रों का कहना था कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाया जाए ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो।