अधूरी सड़क निर्माण से लगा लंबा जाम, विधायक के हस्तक्षेप के बाद बहाल हुआ आवागमनBy Admin Wed, 13 May 2026 06:51 PM

भुरकुंडा (रामगढ़): मतकमा चौक से चिकोर, पाली, सांकी होते हुए चुटुपालू तक बन रही सड़क परियोजना का निर्माण अधूरा रहने से बुधवार को पाली दुमुहान गढ़ा में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। डायवर्सन में एक हाइवा वाहन फंस जाने से करीब चार घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, कोड़ी क्रेशर से चिप्स लेकर आ रही हाइवा गाड़ी संख्या BR 02 GD 7846 डायवर्सन में फंस गई, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। हालात ऐसे हो गए कि कई स्कूली बच्चे समय पर स्कूल तक नहीं पहुंच सके। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर वाहनों का परिचालन रोक दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मामले की सूचना मिलने पर बड़कागांव विधायक Roshan Lal Choudhary ने तुरंत जिला उपायुक्त Rituraj से बातचीत कर समस्या के जल्द समाधान की मांग की। इसके बाद विधायक स्वयं जाम स्थल पहुंचे और ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की।

करीब चार घंटे तक चली वार्ता के बाद निर्माण एजेंसी के.के बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड इंजीनियर्स एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी ने लिखित आश्वासन दिया कि निर्माणाधीन माइनर ब्रिज का कार्य 30 जून 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।

लिखित आश्वासन मिलने के बाद डायवर्सन में फंसी हाइवा को हटाया गया और यातायात दोबारा शुरू कराया गया।

मौके पर पतरातु बीडीओ मनोज गुप्ता, पथ निर्माण विभाग के एसडीओ प्रशांत कौशिक, कनीय अभियंता राजकुमार मुर्मू, आयुषी शरफ, एमवीआई मोनू मिरनाल, विपुल उरांव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर वे हमेशा गंभीर हैं और सड़क निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।