रक्षाबंधन पर हेमंत सोरेन का बड़ा संदेश, रिश्तों से आगे महिलाओं के हक की कही बातBy Mid Time Bureau Fri, 28 August 2026 01:05 PM

 

Ranchi: रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने एक्स हैंडल पर साझा किए संदेश में मुख्यमंत्री ने इस पर्व को भाई-बहन के रिश्ते के साथ परिवार और समाज की जिम्मेदारी से जोड़ते हुए महिलाओं की भूमिका पर जोर दिया।

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की माताओं और बहनों ने संघर्ष के बीच परिवार को संभालने के साथ राज्य के निर्माण और देश के विकास में भी अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि किसी महिला की शिक्षा और तरक्की का असर सिर्फ उसके जीवन पर नहीं पड़ता, बल्कि पूरा परिवार और समाज इससे मजबूत होता है।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर राज्य सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने मंईयां सम्मान योजना, पलाश, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान जैसी पहलों को महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदम बताया।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि माताओं और बहनों को अपने सपने पूरे करने, आत्मनिर्भर बनने और सम्मान के साथ आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलें।

रक्षाबंधन के संदेश में मुख्यमंत्री ने एक संकल्प की बात भी कही बेटियों की पढ़ाई, बहनों की तरक्की और माताओं का सशक्तिकरण। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं मजबूत होंगी, तभी परिवार से लेकर समाज और झारखंड तक मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ने अंत में सभी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार दिया।

ADVERTISEMENT
Advertisement