दुर्गा पूजा में नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, रांची में कटे 38 हजार से ज्यादा चालानBy Mid Time Bureau Fri, 23 October 2026 11:48 AM

Ranchi: दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी रांची में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। 10 से 21 अक्टूबर 2026 के बीच ट्रैफिक पुलिस ने कुल 38,290 चालान जारी किए। इन चालानों के जरिए 3 करोड़ 18 लाख 39 हजार 400 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जारी आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ हुई। इस मामले में 24,413 चालान काटे गए। वहीं, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 7,782 और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने पर 1,931 चालान जारी किए गए। रेड लाइट का उल्लंघन करने वाले 823 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई हुई।

इसके अलावा बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 232, बिना बीमा के 127 और सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 116 चालान काटे गए। इन आंकड़ों से साफ है कि दुर्गा पूजा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वालों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की।