भगवान बिरसा जैविक उद्यान में नन्हे दरियाई घोड़े का जन्म, संख्या बढ़कर 11 हुईBy Mid Time Bureau Fri, 23 October 2026 02:12 PM

रांची: ओरमांझी स्थित भगवान बिरसा जैविक उद्यान में गुरुवार की सुबह एक नन्हे दरियाई घोड़े का जन्म हुआ। मादा दरियाई घोड़ा मोनी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। यह प्रसव डॉक्टर राकेश जोजो की देखरेख में हुआ। नन्हे दरियाई घोड़े के जन्म से उद्यान प्रबंधन में खुशी का माहौल है। इसके साथ ही उद्यान में दरियाई घोड़ों की कुल संख्या बढ़कर 11 हो गई है।

मोनी का जन्म 20 जनवरी 2023 को हुआ था। वह उद्यान में मौजूद दरियाई घोड़े लालू और लिली की बेटी है। अब मोनी के मां बनने से उद्यान में दरियाई घोड़ों का कुनबा और बढ़ गया है।

उद्यान के निदेशक जब्बर सिंह ने नन्हे दरियाई घोड़े के जन्म पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि नवजात और उसकी मां के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है। दोनों की उचित देखभाल की जा रही है, ताकि वे स्वस्थ रहें। उद्यान प्रबंधन नवजात की सेहत और उसकी मां की स्थिति को लेकर पूरी तरह सतर्क है।

भगवान बिरसा जैविक उद्यान में दरियाई घोड़ों की संख्या में वृद्धि वन्यजीव संरक्षण और उनके प्रजनन के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वहीं, नन्हे दरियाई घोड़े के जन्म से उद्यान आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण बढ़ने की उम्मीद है।