
रांची के सर्कुलर रोड स्थित चर्चित न्यूक्लियस मॉल का 375 करोड़ रुपये में सौदा हुआ है। इसे झारखंड के रियल एस्टेट क्षेत्र की अब तक की सबसे बड़ी संपत्ति डील माना जा रहा है। शुक्रवार को इस सौदे की आधिकारिक रजिस्ट्री पूरी कर ली गई।
रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल ने इसे वीए कंपनी के निदेशक विवेक कुमार सिंह के नाम हस्तांतरित किया है। इस लेनदेन के लिए खरीदार की ओर से 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ रुपये निबंधन शुल्क के रूप में जमा किए गए हैं। विवेक कुमार सिंह कोयला कारोबारी एलबी सिंह के करीबी माने जाते हैं।
न्यूक्लियस मॉल में कुल 88 दुकानें और 29 कियोस्क हैं। लगभग 1.59 एकड़ जमीन पर विकसित इस मॉल का निर्माण आदर्श हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड ने कराया था। यहां 12 फरवरी 2017 से व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हुई थीं। इसके बाद से ही यह रांची के प्रमुख शॉपिंग और मनोरंजन केंद्रों में अपनी पहचान बनाए हुए है।
मॉल के निर्मित क्षेत्रफल को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इसका निर्माण लगभग 3.5 लाख वर्गफीट में हुआ है। वहीं, वर्ष 2022 की एक रिटेल इंडस्ट्री रिपोर्ट में इसका कुल निर्मित क्षेत्रफल 4.50 लाख वर्गफीट बताया गया था। इसी रिपोर्ट के अनुसार, मॉल का ग्रॉस लीजेबल एरिया (GLA) लगभग 3 लाख वर्गफीट है और इसकी इमारत आठ मंजिला है।
375 करोड़ रुपये की इस बड़ी डील के बाद झारखंड के रियल एस्टेट बाजार में न्यूक्लियस मॉल एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।