
Photo: IANS
फीफा की ताजा पुरुष विश्व रैंकिंग में स्पेन ने शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। पुर्तगाल ने दो पायदान की छलांग लगाकर पांचवां स्थान हासिल किया है, जबकि स्विट्जरलैंड भी दो स्थान ऊपर चढ़कर 12वें पायदान पर पहुंच गया है।
स्पेन ने जुलाई में अर्जेंटीना को पीछे छोड़कर नंबर-1 रैंकिंग हासिल की थी। 2026 फीफा विश्व कप के फाइनल में अर्जेंटीना के खिलाफ अतिरिक्त समय में 1-0 की जीत ने स्पेन को शीर्ष पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद लुइस दे ला फुएंते की टीम ने अपने अगले चारों मुकाबले जीते। इस शानदार प्रदर्शन के साथ स्पेन ने पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में लगातार 42 मैचों तक अजेय रहने का नया रिकॉर्ड भी कायम किया है। टीम की इस सफलता में युवा स्टार लामिन यामाल का प्रदर्शन खास आकर्षण रहा है।
रैंकिंग में स्पेन के बाद अर्जेंटीना, फ्रांस और इंग्लैंड का स्थान बरकरार है। पुर्तगाल के पांचवें स्थान पर पहुंचने से ब्राजील और मोरक्को एक-एक पायदान नीचे खिसककर क्रमश: छठे और सातवें स्थान पर आ गए हैं।
नए कोच जॉर्ज जीसस के मार्गदर्शन में पुर्तगाल ने यूईएफए नेशंस लीग के अपने पिछले चारों मुकाबले जीते हैं। इनमें नॉर्वे और डेनमार्क के खिलाफ उनकी जीत विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
2026 विश्व कप के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले स्विट्जरलैंड ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चार जीत दर्ज कीं। इनमें तीन मुकाबले 3-0 के अंतर से जीते गए। जेकी अमदौनी और डैन एनडोये स्विस टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में रहे। स्विट्जरलैंड के ऊपर आने से जर्मनी और क्रोएशिया क्रमश: 13वें और 14वें स्थान पर खिसक गए।
ऑस्ट्रेलिया दो पायदान ऊपर चढ़कर 26वें, कनाडा तीन स्थान ऊपर 27वें, कोट द'ईवोआर दो स्थान ऊपर 29वें और स्वीडन तीन स्थान ऊपर 34वें स्थान पर पहुंच गया। ग्रीस ने पांच पायदान की बड़ी छलांग लगाकर 41वां स्थान हासिल किया। ग्रीस ने नेशंस लीग ए में दो मैच जीते और दो ड्रॉ खेले। उसने जर्मनी को उसी की जमीन पर 1-0 से हराने के अलावा नीदरलैंड्स को भी घरेलू मैदान पर ड्रॉ पर रोका।
अफ्रीकी फुटबॉल में भी कई टीमों ने रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया। माली और दक्षिण अफ्रीका छह-छह पायदान ऊपर चढ़कर क्रमश: 47वें और 48वें स्थान पर पहुंच गए। डोर्गेलेस नेने और युवा खिलाड़ी एंजे मार्शियल टिया के प्रभावी प्रदर्शन की बदौलत माली ने केप वर्डे और लाइबेरिया को हराया तथा मोरक्को के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ किया। दक्षिण अफ्रीका ने गिनी और इरिट्रिया को हराया और मिस्र के खिलाफ गोलकीपर सिफो चेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को 1-0 की जीत दिलाई।
इस सुधार के साथ फीफा की शीर्ष 50 टीमों में अब अफ्रीका की 10 टीमें शामिल हो गई हैं। मोजाम्बिक पांच स्थान ऊपर चढ़कर 98वें, गाम्बिया सात स्थान ऊपर 109वें, रवांडा नौ स्थान ऊपर 119वें, गिनी-बिसाऊ आठ स्थान ऊपर 124वें और बोत्सवाना छह स्थान ऊपर 141वें स्थान पर पहुंचा।
अन्य उल्लेखनीय सुधार करने वाली टीमों में स्लोवेनिया (52वां), बोस्निया और हर्जेगोविना (57वां), उत्तरी आयरलैंड (64वां), अंगोला (83वां), हैती (84वां), एस्टोनिया (122वां), डोमिनिकन रिपब्लिक (135वां), गुयाना (142वां) और बारबाडोस (174वां) शामिल हैं।
2026 फीफा विश्व कप के 19 जुलाई को समाप्त होने के बाद से अब तक 338 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें यूईएफए और कॉनकाकाफ नेशंस लीग के मुकाबलों के साथ-साथ 2027 अफ्रीका कप ऑफ नेशंस के क्वालीफायर भी शामिल हैं। इन लगातार अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का असर ताजा फीफा रैंकिंग में कई टीमों की स्थिति पर साफ दिखाई दे रहा है।