
Photo: IANS
नई दिल्ली। भारतीय मोटरस्पोर्ट्स के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाले रेसर जीत झाबाख ने सात बार के फॉर्मूला वन विश्व चैंपियन माइकल शूमाकर को अपना आदर्श बताया है। एफआईए एशिया-पैसिफिक रैली चैंपियनशिप (एपीआरसी) का खिताब जीतने के बाद अब उनकी नजर विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाने पर है।
जीत ने इस महीने की शुरुआत में सह-चालक मूसा शरीफ के साथ एपीआरसी का ओवरऑल खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ दोनों 38 साल पुरानी इस प्रतियोगिता में महाद्वीपीय खिताब जीतने वाली पहली पूर्ण भारतीय ड्राइवर-सह-चालक जोड़ी बन गए। इतना ही नहीं, जीत ने दोपहिया ड्राइव कार के साथ यह खिताब जीतकर भी इतिहास रच दिया। इससे पहले इस प्रतियोगिता में खिताब जीतने के लिए पारंपरिक रूप से चारपहिया ड्राइव कारों का इस्तेमाल होता रहा है।
जीत का मोटरस्पोर्ट्स करियर सर्किट रेसिंग से शुरू हुआ था। वर्ष 2016 में उन्होंने जूनियर चैंपियनशिप जीतकर पहली बड़ी सफलता हासिल की। इसके अलावा उनके नाम नेशनल रेसिंग चैंपियनशिप के भी दो खिताब हैं। हालांकि, एपीआरसी की ऐतिहासिक जीत उनके करियर की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि बन गई है।
अपने शुरुआती रेसिंग दिनों को याद करते हुए जीत ने बताया कि वह माइकल शूमाकर से काफी प्रभावित थे। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जिस दौर में उन्होंने रेसिंग को समझना शुरू किया, उस समय शूमाकर का फॉर्मूला वन में दबदबा था।
जीत के मुताबिक, शूमाकर की खासियत सिर्फ उनकी रफ्तार नहीं, बल्कि उनकी रणनीतिक समझ भी थी। वह अपनी गति और रेस के दौरान बनाई गई रणनीति का इस्तेमाल कर लगातार खिताब जीतने में सफल रहे।
उन्होंने कहा, "रेसिंग की बात करें तो मैं उस दौर में बड़ा हुआ, जब माइकल शूमाकर का पूरी तरह दबदबा था। उन्हें जानने वाले यह भी जानते हैं कि वह हमेशा ट्रैक पर सबसे तेज नहीं होते थे, लेकिन रणनीति बनाने में माहिर थे। उन्होंने अपनी रफ्तार और रणनीतिक कौशल दोनों का इस्तेमाल कर कई खिताब जीते। इसलिए वह हमेशा मेरे आदर्श रहे। मैं उन्हें देखकर सोचता था कि जब कोई व्यक्ति इतने बड़े स्तर पर सफलता हासिल कर सकता है, तो हम भी ऐसा करने की कोशिश क्यों नहीं कर सकते।"
सर्किट रेसिंग से रैली में आने के महज दो साल के भीतर जीत ने महाद्वीपीय स्तर पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अब उनका अगला लक्ष्य वर्ल्ड रैली चैंपियनशिप (डब्ल्यूआरसी) तक पहुंचना है। उनका मानना है कि एपीआरसी में मिली सफलता विश्व स्तर पर आगे बढ़ने का रास्ता खोल सकती है।
उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य हमेशा विश्व मंच पर पहुंचना रहा है। अब हमने महाद्वीपीय खिताब जीत लिया है और उम्मीद है कि यह उपलब्धि हमें अगले स्तर तक ले जाएगी तथा डब्ल्यूआरसी में प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। रेसिंग में मेरे लिए माइकल शूमाकर हमेशा प्रेरणा के स्रोत रहेंगे।"
अपनी ऐतिहासिक जीत के प्रभाव पर बात करते हुए जीत ने कहा कि उन्हें अभी भी पूरी तरह एहसास नहीं हुआ है कि उन्होंने इतने कम समय में यह मुकाम हासिल कर लिया है। उन्होंने बताया कि मोटरस्पोर्ट्स से उनका जुड़ाव काफी पुराना है, लेकिन रैली रेसिंग में उन्हें अभी केवल तीन साल ही हुए हैं।
जीत ने कहा, "सच कहूं तो अभी तक मुझे पूरी तरह एहसास नहीं हुआ है कि हमने क्या हासिल किया है। अपने रैली करियर के इतने कम समय में ऐसी उपलब्धि की उम्मीद नहीं की थी। यह मेरा तीसरा पूरा रैली सीजन है। हमने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उतरने का फैसला किया और चीजें हमारे पक्ष में रहीं। इस पूरे अनुभव के लिए मैं बेहद आभारी हूं। भारतीय मोटरस्पोर्ट्स के लिहाज से मुझे लगता है कि इस जीत ने सफलता की संभावनाओं की सीमा को और आगे बढ़ा दिया है।"
एपीआरसी में जीत के साथ झाबाख ने भारतीय मोटरस्पोर्ट्स के लिए एक नई उपलब्धि का रास्ता खोला है। अब देखना होगा कि वह इस सफलता को विश्व रैली चैंपियनशिप जैसे बड़े मंच पर किस तरह आगे बढ़ाते हैं।