आंध्र प्रदेश में 800 करोड़ रुपये निवेश करेगी एस्ट्रोबेस, रॉकेट परीक्षण केंद्र का होगा विस्तारBy IANS Fri, 13 November 2026 02:20 PM

Photo: IANS

विशाखापत्तनम। निजी अंतरिक्ष क्षेत्र की कंपनी एस्ट्रोबेस स्पेस टेक्नोलॉजीज ने आंध्र प्रदेश में 800 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। इस राशि से कंपनी अपनी रॉकेट परीक्षण सुविधाओं और प्रक्षेपण यान विकास से जुड़े बुनियादी ढांचे का बड़े पैमाने पर विस्तार करेगी। इस परियोजना को भारत के निजी अंतरिक्ष परिवहन क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कंपनी ने गुरुवार को विशाखापत्तनम में आयोजित 31वें सीआईआई पार्टनरशिप समिट 2026 के दौरान आंध्र प्रदेश इकोनॉमिक डेवलपमेंट बोर्ड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत श्री सत्य साई जिले के थिम्मासमुद्रम स्थित कंपनी की मौजूदा रॉकेट इंजन परीक्षण सुविधा का विस्तार किया जाएगा।

विस्तार योजना के तहत कंपनी अपनी मौजूदा 22 एकड़ जमीन में 339 एकड़ और जोड़ेगी। इससे परीक्षण केंद्र का कुल क्षेत्रफल बढ़कर लगभग 360 एकड़ हो जाएगा।

एस्ट्रोबेस स्पेस टेक्नोलॉजीज के सीईओ और सह-संस्थापक नीरज खंडेलवाल ने कहा कि यह विस्तार भारत में उन्नत अंतरिक्ष परिवहन क्षमताएं विकसित करने की कंपनी की कोशिशों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

उन्होंने कहा कि विस्तारित बुनियादी ढांचे से कंपनी को स्टैटिक हॉट-फायर टेस्ट और रॉकेट के विभिन्न चरणों के हॉप टेस्ट जैसे महत्वपूर्ण परीक्षण करने में मदद मिलेगी। साथ ही, इससे पुन: उपयोग किए जा सकने वाले प्रक्षेपण यान की तकनीक विकसित करने की प्रक्रिया भी तेज होगी।

खंडेलवाल ने कहा कि भारत अंतरिक्ष अन्वेषण और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में पहले ही अपनी क्षमता साबित कर चुका है। अब अगली चुनौती अंतरिक्ष में पेलोड पहुंचाने की ऐसी क्षमता विकसित करना है, जिससे यह काम अधिक बार, भरोसेमंद तरीके से और बड़े पैमाने पर किया जा सके।

इस परियोजना से क्षेत्र में लगभग 500 प्रत्यक्ष और करीब 1,000 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

आंध्र प्रदेश में निवेश की यह घोषणा कंपनी की ओर से कर्नाटक में 500 करोड़ रुपये के निवेश से बेंगलुरु में एक विनिर्माण इकाई स्थापित करने की योजना घोषित किए जाने के कुछ ही समय बाद हुई है।

प्रस्तावित इकाई में उन्नत एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग और फैब्रिकेशन सुविधाओं के साथ गैर-विनाशकारी परीक्षण, गुणवत्ता निरीक्षण तथा इंजन और रॉकेट के विभिन्न चरणों की असेंबली की व्यवस्था होगी। इन सुविधाओं का इस्तेमाल कंपनी के एवरेस्ट इंजन और एबी220 मीडियम-लिफ्ट प्रक्षेपण यान कार्यक्रम के विकास में किया जाएगा।

विशाखापत्तनम में 12 और 13 नवंबर को आयोजित हो रहा दो दिवसीय 31वां सीआईआई पार्टनरशिप समिट भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के सहयोग से आयोजित किया है। इसकी मेजबानी आंध्र प्रदेश सरकार कर रही है।

इस सम्मेलन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में 11 लाख करोड़ रुपये तक के निवेश प्रस्तावों को प्रोत्साहित करने और करीब 2.5 लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।