3,000 साल पुराने ईरानी स्वर्ण झुमकों को पहनने पर घिरीं जेंडाया, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहसBy Admin Sun, 19 July 2026 12:07 PM

लॉस एंजिलिस। हॉलीवुड अभिनेत्री जेंडाया अपने फैशन चयन को लेकर विवादों में आ गई हैं। क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' के लंदन फोटो कॉल कार्यक्रम में उन्होंने लगभग 3,000 वर्ष पुराने ईरानी स्वर्ण पदकों से बने झुमके पहने, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई।

कार्यक्रम में जेंडाया ने सफेद रंग की ड्रेस के साथ जो झुमके पहने थे, वे प्राचीन ईरानी स्वर्ण पदकों से तैयार किए गए थे। ये पदक प्रसिद्ध 'जिविये खजाने' (ज़िविये ट्रेजर) का हिस्सा माने जाते हैं। यह संग्रह मेडियन काल की कला से जुड़ा है और इसकी तिथि सातवीं शताब्दी ईसा पूर्व की मानी जाती है। इन पुरावशेषों की खोज 1940 के दशक के अंत में उत्तर-पश्चिमी ईरान में हुई थी।

लंदन के जौहरी ग्लेन स्पाइरो ने इन प्राचीन स्वर्ण पदकों को 18 कैरेट पीले सोने और हीरों के साथ जड़कर झुमकों का रूप दिया। माना जाता है कि ये उनकी 'मैटेरियल्स ऑफ द ओल्ड वर्ल्ड' श्रृंखला का हिस्सा थे, जिसमें दुनिया के विभिन्न ऐतिहासिक पुरावशेषों को आधुनिक आभूषणों में बदला गया था।

इन झुमकों को बाद में खरीदने वाले एक लग्जरी ज्वेलरी ब्रांड ने कहा कि प्राचीन स्वर्ण पदकों को ऐसे क्लॉ सेटिंग में लगाया गया है, जिससे मूल वस्तु को किसी भी प्रकार का नुकसान या बदलाव न पहुंचे।

ब्रांड ने अपने बयान में कहा कि सांस्कृतिक विरासत पर चर्चा होना स्वाभाविक है और वह इन पुरावशेषों की उत्पत्ति, संरक्षण तथा उनकी कलात्मक विरासत पर सार्थक संवाद का स्वागत करता है।

ब्रांड ने यह भी कहा कि ऐसे समय में जब ईरान को अक्सर मौजूदा राजनीतिक घटनाओं के संदर्भ में देखा जाता है, ये झुमके उस देश की समृद्ध कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत की याद दिलाने का माध्यम बन सकते हैं।

हालांकि, सोशल मीडिया पर लोगों की राय बंटी हुई है। कुछ लोगों ने प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर को फैशन एक्सेसरी के रूप में इस्तेमाल करने पर सवाल उठाए, जबकि कई अन्य ने इसे इतिहास और कला को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का सकारात्मक प्रयास बताया।

गौरतलब है कि जेंडाया क्रिस्टोफर नोलन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द ओडिसी' में ज्ञान और युद्ध की देवी एथेना की भूमिका निभा रही हैं।

 

With inputs from IANS