
Photo: IANS
अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आगामी फिल्म ‘ईथा’ में महाराष्ट्र की दिग्गज लोक कलाकार और लावणी नृत्यांगना विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के किरदार में नजर आएंगी। शुक्रवार को फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया, जिसमें श्रद्धा का दमदार अभिनय, पारंपरिक लावणी नृत्य और मराठी लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिलती है।
ट्रेलर की शुरुआत मुख्य किरदार के आंतरिक संघर्ष, आत्म-संदेह और निराशा से होती है। हालांकि, मुश्किलों से जूझने के बाद वह एक बार फिर तमाशा मंडली से जुड़ती है और अपनी कला के दम पर धीरे-धीरे लोगों का सम्मान और प्रशंसा हासिल करती है।
ट्रेलर में लावणी और तमाशा की तेज रफ्तार प्रस्तुतियों को आकर्षक अंदाज में फिल्माया गया है। संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल का जोशीला संगीत इन दृश्यों को और प्रभावशाली बनाता है। श्रद्धा कपूर अपने मराठी सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रभावशाली इस्तेमाल करती नजर आती हैं। पारंपरिक लोकधुनों पर उनके नृत्य और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस ने ट्रेलर को खास बना दिया है।
फिल्म में श्रद्धा के अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब, नाना पाटेकर, रणदीप हुड्डा और अनंत जोशी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। नाना पाटेकर का यह मरणोपरांत प्रदर्शन होगा।
‘ईथा’ की कहानी महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लोक कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। पारंपरिक तमाशा कलाकारों के परिवार में जन्मीं विठाबाई को बचपन से ही गायन, नृत्य और अभिनय में गहरी रुचि थी। अपनी असाधारण प्रतिभा, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और कला के प्रति समर्पण के दम पर उन्होंने महाराष्ट्र की लोकसंस्कृति में विशिष्ट पहचान बनाई।
विठाबाई को ‘तमाशा सम्राज्ञी’ के नाम से जाना जाता था। लोककला में उनके योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली और राष्ट्रपति सम्मान से भी नवाजा गया। उनका जीवन संघर्ष, साहस और दृढ़ संकल्प की मिसाल रहा। व्यक्तिगत और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने महाराष्ट्र की पारंपरिक लोककलाओं को संरक्षित करने और आगे बढ़ाने का काम जारी रखा। इसके साथ ही उन्होंने तमाशा कलाकारों के कल्याण के लिए भी प्रयास किए।
उनके योगदान को सम्मान देने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने वर्ष 2006 में उनकी स्मृति में ‘विठाबाई नारायणगांवकर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ की शुरुआत की। यह पुरस्कार तमाशा कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित करता है।
मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। ‘ईथा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।