
रामगढ़: राज्य सरकार के निर्देशानुसार गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजनों को सुचारू एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा 02 मई 2026 से 15 मई 2026 तक विशेष पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज द्वारा मांडू प्रखंड अंतर्गत लइयो क्षेत्र में आयोजित शिविर का औचक निरीक्षण किया गया।
उपायुक्त ने निरीक्षण करते हुए वहां चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं समस्याओं का यथासंभव त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिन शिकायतों का तत्काल निष्पादन संभव नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर शीघ्र निष्पादित किया जाए तथा संबंधित आवेदकों को प्रगति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिविर में उपस्थित स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना। ग्रामीणों एवं शहरी क्षेत्र के लोगों ने जलापूर्ति से संबंधित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
उपायुक्त ने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी विभाग समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने, जल स्रोतों की स्थिति का आकलन करने तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री रविंद्र कुमार गुप्ता ,उपप्रमुख, स्थानीय मुखिया, पंचायत समिति सदस्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।