
रांची: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में करीब दो साल तक न्यायिक हिरासत में रहने के बाद झारखंड के पूर्व मंत्री Alamgir Alam गुरुवार को जेल से बाहर आ गए। हाल ही में उन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए न्यायपालिका के प्रति आभार जताया और अपने समर्थकों का धन्यवाद किया।
न्यायालय का जताया आभार
जेल से बाहर आने के बाद आलमगीर आलम ने कहा कि लंबे समय बाद उन्हें राहत मिली है। उन्होंने कहा कि वह सबसे पहले माननीय न्यायालय का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं, क्योंकि कोर्ट से ही उन्हें बेल मिली है।
उन्होंने कहा कि करीब दो साल बाद जेल से बाहर निकलना उनके लिए भावुक पल है और वह न्यायपालिका के फैसले का सम्मान करते हैं।
समर्थकों का उत्साह देख हुए भावुक
जेल से बाहर आते ही बड़ी संख्या में समर्थक और कांग्रेस कार्यकर्ता वहां मौजूद रहे। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और “आलमगीर आलम जिंदाबाद” के नारे लगाए।
इस दौरान आलमगीर आलम ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि दो साल बाद भी कार्यकर्ताओं का उत्साह और भरोसा उनके साथ बना हुआ है। उन्होंने अपने समर्थकों को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों को वह दो साल पहले छोड़कर गए थे, वे आज भी उसी जोश और उत्साह के साथ उनके साथ खड़े हैं और यही उनकी असली पूंजी है।
आगे के राजनीतिक संघर्ष के दिए संकेत
मीडिया द्वारा भविष्य की राजनीति और आगे के संघर्ष को लेकर पूछे गए सवाल पर आलमगीर आलम ने कहा कि वह आने वाली चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हालांकि समर्थकों की नारेबाजी के बीच उन्होंने ज्यादा विस्तार से कुछ नहीं कहा, लेकिन उनके बयान से यह साफ संकेत मिला कि आने वाले दिनों में वह सक्रिय राजनीति में फिर से अपनी भूमिका निभा सकते हैं।