
रांची : झारखंड होमगार्ड भर्ती परीक्षा को हुए लगभग 9 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं होने से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर छात्र नेता देवेंद्र महतो ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
प्रेस वार्ता के दौरान देवेंद्र महतो ने कहा कि झारखंड में यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति बन चुकी है कि किसी भी भर्ती परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को लंबे समय तक नियुक्ति का इंतजार करना पड़ता है। परीक्षा लेने के बाद सरकार और विभाग प्रक्रिया को ठंडे बस्ते में डाल देते हैं, जिसका खामियाजा बेरोजगार युवाओं को भुगतना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि होमगार्ड परीक्षा में शामिल हजारों अभ्यर्थियों ने मेहनत और उम्मीद के साथ परीक्षा दी थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद युवाओं को उम्मीद थी कि जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होगी, लेकिन 9 महीने गुजर जाने के बावजूद कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। इससे अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश दोनों बढ़ रहा है। देवेंद्र महतो ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि 16 मई को अभ्यर्थियों द्वारा पद यात्रा निकाली जाएगी और डीसी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस दौरान सरकार तक युवाओं की आवाज पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा लगातार बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। एक ओर सरकार रोजगार देने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर भर्ती प्रक्रियाओं में देरी युवाओं का भविष्य अधर में डाल रही है। अभ्यर्थियों की मांग है कि सरकार जल्द से जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे।