
जमशेदपुर, 15 मई 2026 : बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित के 59वें जन्मदिन के अवसर पर झारखंड के जमशेदपुर में इस वर्ष भी भव्य और अनोखे अंदाज में दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर के साकची बाजार में आयोजित इस विशेष समारोह को आयोजक पप्पू सरदार ने नया नाम देते हुए “माधुरी त्योहार” घोषित किया, जिसने पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।
माधुरी दीक्षित का जन्म 15 मई 1967 को हुआ था और वर्ष 2026 में वह 59 वर्ष की हो गई हैं। इस खास अवसर पर शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के प्रथम दिन गुरुवार शाम से ही आयोजन स्थल पर भारी भीड़ उमड़ने लगी। पूरा परिसर आकर्षक रोशनी, फूलों की सजावट तथा माधुरी दीक्षित की तस्वीरों और पोस्टरों से सजा हुआ था। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो किसी बड़े पूजा उत्सव का आयोजन हो रहा हो।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना से हुई। पंडित संतोष कुमार त्रिपाठी ने विधिवत पूजा संपन्न कराई, जबकि आयोजनकर्ता पप्पू सरदार यजमान के रूप में उपस्थित रहे। पूजा के दौरान अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के उत्तम स्वास्थ्य, लंबी उम्र एवं सुखमय जीवन की कामना की गई।
इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्पर्श क्रिएटिव एकेडमी के बच्चों ने माधुरी दीक्षित के लोकप्रिय गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद उठाया। कार्यक्रम में ISKCON की टीम द्वारा हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पूजा के बाद आयोजित सम्मान समारोह में शहर के 50 से अधिक वरिष्ठ समाजसेवी नागरिकों को सम्मानित किया गया। रात करीब 11:30 बजे भव्य केक काटकर माधुरी दीक्षित का जन्मदिन “माधुरी त्योहार” के रूप में मनाया गया। इस दौरान महिलाओं और युवतियों में सेल्फी लेने की होड़ देखने को मिली।
पप्पू सरदार पिछले लगभग 29 वर्षों से लगातार माधुरी दीक्षित का जन्मदिन सामाजिक सेवा और जनउत्सव के रूप में मनाते आ रहे हैं। उनका चर्चित संदेश — “काम पप्पू सरदार का, नाम माधुरी दीक्षित का।” — आज शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पप्पू सरदार ने कहा कि माधुरी दीक्षित उनके लिए केवल एक अभिनेत्री नहीं, बल्कि प्रेरणा, सकारात्मकता और भारतीय संस्कृति की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों के साथ मिलकर हर वर्ष यह उत्सव मनाना उनके जीवन का सबसे बड़ा सुख है।
उन्होंने बताया कि “माधुरी त्योहार” के दूसरे दिन शुक्रवार को करनडीह स्थित चेशायर होम में रहने वाले दिव्यांगजनों को भोजन कराया जाएगा तथा उन्हें उपहार देकर जन्मदिन की खुशियां साझा की जाएंगी। इसके अलावा आम लोगों के बीच निःशुल्क चाट-गोलगप्पा वितरण, बच्चों के लिए क्रिएटिव प्ले जोन एवं निःशुल्क झूले की व्यवस्था भी की गई है।
पिछले वर्षों में भी पप्पू सरदार ने माधुरी दीक्षित के जन्मदिन को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर यादगार बनाया है। विशेष रूप से अभिनेत्री के 58वें जन्मदिन पर उन्होंने तीन गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया था, जिसकी काफी सराहना हुई थी।
हाल ही में माधुरी दीक्षित द्वारा पप्पू सरदार के प्रति व्यक्त किए गए स्नेह और सराहना के बाद जमशेदपुर के लोगों में विशेष खुशी का माहौल है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू सरदार ने भावुक होकर कहा — “यह मेरे लिए बहुत बड़ा पल है। वर्षों की मेहनत सफल हुई है। यह केवल मेरे लिए नहीं, बल्कि पूरे जमशेदपुर के लिए गर्व की बात है।” “माधुरी त्योहार” को लेकर इस बार शहर में विशेष उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में भाग लेकर इसे यादगार बना दिया।