




रांची: रांची पुलिस द्वारा सोमवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), रांची में नशा मुक्ति, साइबर अपराध और यातायात सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक, डिजिटल और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर) ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। युवाओं को इससे दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनानी चाहिए।

वहीं पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से यातायात संकेतों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में सड़क सुरक्षा नियमों का अनुपालन करने की अपील की।
साइबर सुरक्षा विषय पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, फर्जी कॉल और मैसेज से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के बारे में जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया। जागरूकता अभियान के माध्यम से छात्रों को नशामुक्त समाज, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
