
Ranchi: दिल्ली की सियासत में 1 नवंबर को होने वाली INDIA गठबंधन की रैली को लेकर हलचल तेज है। इस रैली में शामिल होने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार दोपहर दिल्ली रवाना हो गए। उनके साथ विधायक कल्पना सोरेन और राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे।
दिल्ली में हेमंत सोरेन शुक्रवार और शनिवार को INDIA गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित रैली में शामिल होंगे। इस रैली में कांग्रेस समेत गठबंधन के कई बड़े नेता जुटेंगे।
दरअसल, यह रैली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर आयोजित की जा रही है। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी इस रैली का आह्वान किया है।
ऐसे में हेमंत सोरेन का दिल्ली दौरा सिर्फ रैली में भागीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि गठबंधन के नेताओं के साथ होने वाली बैठकों को भी अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि दिल्ली में होने वाली इन मुलाकातों से विपक्षी एकजुटता को क्या दिशा मिलती है।