
Photo: IANS
दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण मोटरस्पोर्ट प्रतियोगिताओं में शामिल डकार रैली के 2027 संस्करण का आयोजन अब सऊदी अरब के बजाय पुर्तगाल और मोरक्को में किया जाएगा। सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते आयोजकों ने प्रतियोगिता का स्थान बदलने का फैसला किया है। शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की गई।
डकार रैली का 49वां संस्करण पहले 1 से 15 जनवरी 2027 तक आयोजित होना था, लेकिन नए कार्यक्रम के अनुसार यह प्रतियोगिता अब 9 से 23 जनवरी तक चलेगी। हालांकि, नए कार्यक्रम को विश्व मोटर स्पोर्ट काउंसिल (डब्ल्यूएमएससी) की मंजूरी मिलना अभी बाकी है।
यह रैली 2027 एफआईए और एफआईएम वर्ल्ड रैली-रेड चैंपियनशिप का उद्घाटन दौर भी होगी। प्रतियोगिता में एक प्रोलॉग और उसके बाद 12 चरण शामिल होंगे। इसका सफर पुर्तगाल के लूले-फारो से शुरू होकर मोरक्को के माराकेश में समाप्त होगा।
आयोजन के शुरुआती कार्यक्रम की मेजबानी पुर्तगाल का अल्गार्वे क्षेत्र करेगा, जहां प्रोलॉग और पहला विशेष चरण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रतियोगिता के शेष 11 चरण मोरक्को में होंगे। अगादिर में रैली के प्रतिभागियों और टीमों के लिए एक विश्राम दिवस भी रखा गया है।
कुल 7,824 किलोमीटर लंबे रूट में 4,341 किलोमीटर की विशेष प्रतिस्पर्धी दूरी शामिल होगी। इस दौरान रैली का काफिला छह अलग-अलग बिवुआक (अस्थायी शिविरों) में रुकेगा।
रेस निदेशक डेविड कास्टेरा ने कहा कि कम समय में नई योजना तैयार करने की चुनौती के बावजूद आयोजकों ने ऐसा रूट तैयार किया है, जो डकार रैली की पारंपरिक कठिनाई और प्रतिस्पर्धात्मक स्तर को बरकरार रखेगा। उनके मुताबिक, स्थान बदलने के बावजूद प्रतियोगिता अपने वास्तविक डकार स्वरूप में ही आयोजित होगी।
नए कार्यक्रम के तहत 9 जनवरी को पुर्तगाल में प्रोलॉग के साथ प्रतियोगिता शुरू होगी, जबकि अगले दिन पहला विशेष चरण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रतिभागी फेरी के जरिए मोरक्को के नादोर पहुंचेंगे। भूमध्य सागर पार करने की यह यात्रा रातभर चलेगी।
11 जनवरी को अफ्रीकी महाद्वीप पहुंचने के बाद रैली का काफिला मोरक्को के बुआरफा स्थित पहले बिवुआक की ओर रवाना होगा। इसके बाद प्रतियोगिता देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र से होते हुए एटलस पर्वत श्रृंखला के रास्ते दक्षिण की ओर बढ़ेगी। प्रतिभागी जगोरा होते हुए अगादिर पहुंचेंगे, जहां उन्हें 24 घंटे का विश्राम मिलेगा।
दूसरे सप्ताह में रैली मोरक्को के सुदूर दक्षिणी रेगिस्तानी इलाकों में प्रवेश करेगी। इस दौरान स्मारा और दखला के आसपास के क्षेत्र प्रतियोगिता के प्रमुख पड़ाव होंगे। इसके बाद काफिला फिर उत्तर की ओर लौटेगा और स्मारा से गुजरते हुए अटलांटिक महासागर के तटवर्ती मार्ग से माराकेश पहुंचेगा, जहां 23 जनवरी को रैली का समापन होगा।
सऊदी अरब में लगातार आयोजित होने के बाद डकार रैली का यूरोप और उत्तरी अफ्रीका में लौटना प्रतियोगिता के भूगोल में एक बड़ा बदलाव होगा। पुर्तगाल के तटीय और मोरक्को के पहाड़ी तथा रेगिस्तानी रास्तों का संयोजन प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग तरह की चुनौतियां पेश करेगा।