
Ranchi: छठ महापर्व का दूसरा दिन यानी खरना... घरों में भक्ति का माहौल है, छठी मईया के गीत गूंज रहे हैं और व्रती पूरे नियम-निष्ठा के साथ पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी राज्यवासियों को खरना की शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए छठ व्रतियों और उनके परिवारों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। अपने संदेश में उन्होंने छठ को महज पूजा-पाठ तक सीमित पर्व नहीं, बल्कि परिवार के प्रति समर्पण, प्रकृति के प्रति आभार और भगवान सूर्य की उपासना से जुड़ी अनूठी परंपरा बताया।
उन्होंने छठ व्रतियों के कठिन तप, त्याग और निर्जला उपवास को उनकी अटूट आस्था और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया। साथ ही कामना की कि भगवान भास्कर और छठी मईया सभी के जीवन को खुशियों से भर दें और हर परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे।
खरना के साथ ही छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होता है। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद शुरू होता है कठिन निर्जला व्रत, जो उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पूरा होता है।
मुख्यमंत्री के इस संदेश के साथ ही पूरे झारखंड में छठ महापर्व की आस्था और उल्लास का माहौल है।