थाना, जेल और विधायक आवास… झारखंड की कानून-व्यवस्था पर बाबूलाल मरांडी ने उठाए सवालBy Mid Time Bureau Sat, 14 November 2026 04:36 PM

Ranchi: कहीं थाने में गंभीर घटना के आरोप, कहीं जेल के भीतर बंदी के साथ कथित यौन हिंसा और कहीं एक नाबालिग की शिकायत में कांग्रेस विधायक का नाम। झारखंड में सामने आए इन अलग-अलग मामलों को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अब सरकार को घेरा है। उनका सवाल है कि जब थाने और जेल जैसी जगहों पर भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?

बाबूलाल मरांडी ने गम्हरिया थाना से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए। इसके साथ ही उन्होंने होटवार जेल में 20 वर्षीय पूर्व बंदी के साथ कथित अप्राकृतिक यौन शोषण की घटना को भी उठाया। उनका कहना है कि जेल के भीतर लगातार ऐसी घटनाओं के आरोप सामने आना बेहद चिंताजनक है।

मरांडी ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग लड़की की ओर से लगाए गए आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने सरकार पर मामले को दबाने और लीपापोती करने का आरोप लगाया। बाबूलाल के मुताबिक, गंभीर घटनाओं के बाद अधिकारियों का निलंबन तो कर दिया जाता है, लेकिन आगे की कार्रवाई नहीं होती। इससे जिम्मेदार लोगों को बच निकलने का मौका मिलता है।

नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में प्रशासन से भी बात की है और अधिकारियों से मामलों को गंभीरता से लेने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी भी घटना को रफा-दफा करने के बजाय निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं, भूषण बाड़ा से जुड़े मामले में बाबूलाल मरांडी ने बताया कि उनकी नाबालिग लड़की से भी बातचीत हुई है। लड़की ने उन्हें कथित घटना के बारे में बताया और विधायक की बहन पर मारपीट करने का आरोप भी लगाया। लड़की ने प्रशासन से न्याय दिलाने की अपील की है।

इन तमाम मामलों को उठाते हुए बाबूलाल मरांडी ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि सरकार और पुलिस प्रशासन इन आरोपों पर क्या जवाब देते हैं और संबंधित मामलों में कार्रवाई किस नतीजे तक पहुंचती है।