झारखंड के उत्पादों को दुनिया तक पहुंचाने की तैयारी, CM हेमंत ने किया झारखंड पवेलियन का उद्घाटनBy Mid Time Bureau Sat, 14 November 2026 04:57 PM

Ranchi: दिल्ली में सजे भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड ने अपनी कला, संस्कृति और स्थानीय हुनर के साथ दस्तक दी है। भारत मंडपम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पवेलियन का उद्घाटन किया। इस मौके पर उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव और मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पवेलियन के अलग-अलग स्टॉलों का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद कलाकारों और उद्यमियों से बातचीत की और उनके उत्पादों को करीब से देखा। झारखंड की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को देखकर उन्होंने इनके लिए देश-दुनिया के बाजार में नई पहचान बनाने पर जोर दिया।

इस बार झारखंड पवेलियन की थीम 'विकास और विरासत' है। इसके जरिए राज्य ने अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ विकास की संभावनाओं को भी सामने रखा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला समूहों की भागीदारी और स्थानीय कारीगरों के हुनर को खास तौर पर प्रदर्शित किया जा रहा है।

करीब 800 वर्ग फीट में तैयार इस पवेलियन में 22 स्टॉल लगाए गए हैं। उद्योग विभाग, खान, पर्यटन, खादी बोर्ड और जेएसएलपीएस समेत कई विभागों और संस्थाओं ने यहां अपने उत्पाद और उपलब्धियां प्रदर्शित की हैं। यानी एक ही छत के नीचे झारखंड की औद्योगिक क्षमता, पर्यटन, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की झलक मिल रही है।

14 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में झारखंड के कलाकारों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के लिए नए खरीदार और बाजार तलाशने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने भी अधिकारियों और उद्यमियों से इस दिशा में गंभीरता से काम करने को कहा है।

अब दिल्ली के इस बड़े मंच पर झारखंड की कोशिश है कि उसकी पहचान सिर्फ खनिज संपदा तक सीमित न रहे, बल्कि यहां की कला, कारीगरी और स्थानीय उत्पाद भी देश-दुनिया के बाजार में अपनी जगह बनाएं।