यूक्रेनी ड्रोन हमले से मॉस्को क्षेत्र दहला, एक की मौत, 61 लोग घायलBy Admin Sun, 19 July 2026 12:13 PM

मॉस्को। रूस के मॉस्को क्षेत्र पर हुए यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 61 लोग घायल हो गए। क्षेत्रीय गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी।

गवर्नर के अनुसार, घायलों में से 20 लोगों का प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि नौ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। 31 अन्य घायलों की स्थिति स्थिर है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।

उन्होंने बताया कि अधिकांश लोग विस्फोट और छर्रों से लगी चोटों, सिर में गंभीर चोट, हड्डियां टूटने, जलने तथा धुएं के कारण सांस संबंधी समस्याओं से प्रभावित हुए हैं।

हमले में मॉस्को से लगभग 60 किलोमीटर पूर्व स्थित इलेक्ट्रोस्टाल शहर सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां 57 लोग घायल हुए। वहीं, नोगिंस्क शहर में चार लोगों के घायल होने की सूचना है।

इससे पहले शनिवार को गवर्नर ने बताया था कि इलेक्ट्रोस्टाल में एक गोदाम परिसर पर ड्रोन गिरने से 24 लोग घायल हुए थे। बाद में जारी अद्यतन जानकारी में घायलों की संख्या बढ़कर 61 हो गई।

इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि पिछले 24 घंटों में उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने यूक्रेन के 774 फिक्स्ड-विंग ड्रोन और 13 निर्देशित हवाई बमों को मार गिराया है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रूसी सेना ने रातभर सटीक निर्देशित हवाई हथियारों और हमला करने वाले ड्रोन की मदद से यूक्रेन के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

मंत्रालय ने दावा किया कि ओडेसा बंदरगाह पर ईंधन और स्नेहक उतारने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बंदरगाह ढांचे और ईंधन भंडारण केंद्रों पर हमला किया गया। इसके अलावा, ओडेसा क्षेत्र के चोर्नोमोर्स्क बंदरगाह पर गोला-बारूद उतार रहे एक कंटेनर जहाज को भी निशाना बनाया गया।

रूस ने यह भी दावा किया कि काला सागर में स्नेक द्वीप के निकट यूक्रेनी सेना के लिए रसद सामग्री ले जा रहे एक मालवाहक जहाज पर भी हमला किया गया।

 

With inputs from IANS