
गोला(रामगढ़)। गोला प्रखंड के खोखा गांव में मंगलवार की रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने धर्मनाथ महतो, अरुण महतो समेत कई किसानों के खेतों में लगी मक्के सहित अन्य फसलों को रौंदकर नष्ट कर दिया। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हाथियों ने खेतों में सिंचाई के लिए बिछाई गई ड्रिप पाइपलाइन को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। खेतों से होकर गांव की ओर निकले हाथियों के झुंड ने कई घरों को भी निशाना बनाया। इस दौरान खोखा गांव निवासी मिथुन कुमार के अलबेस्टर शीट लगे घर को काफी नुकसान पहुंचाया गया। हाथियों के लगातार गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बुधवार को वनरक्षी मनीष कुमार शर्मा खोखा गांव पहुंचे। उन्होंने प्रभावित किसानों से घटना की जानकारी ली और हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त की गई फसलों, घर एवं अन्य संपत्तियों का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। वनरक्षी मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि जंगली हाथियों द्वारा पहुंचाए गए नुकसान का विभागीय स्तर पर आकलन किया जा रहा है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार प्रभावित किसानों को जल्द क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
