
रांची: आदिवासी महिला कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। इसी सिलसिले में जांच एजेंसी ने रविवार को सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शिशिर राज का बयान दर्ज किया। सामने आया है कि मौत से कुछ घंटे पहले निशा भगत ने फोन पर उनसे संपर्क कर अजय तिर्की के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के संबंध में सलाह मांगी थी। सीबीआई इस बातचीत को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मानकर इसकी पड़ताल कर रही है।
अधिवक्ता शिशिर राज के मुताबिक, निशा भगत ने पहली बार फोन कर अजय तिर्की के खिलाफ मामला दर्ज कराने और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बारे में जानकारी मांगी थी। उन्होंने निशा से कहा था कि पहले पूरे मामले को समझेंगे, उसके बाद ही कोई कानूनी राय दे पाएंगे। इसके कुछ समय बाद निशा ने उन्हें दोबारा फोन किया।
एयरपोर्ट जाते समय आया था दूसरा कॉल
शिशिर राज ने जांच एजेंसी को बताया कि दूसरी बार जब निशा का फोन आया, उस वक्त वह एयरपोर्ट जा रहे थे। रास्ते में होने के कारण फोन पर बातचीत ठीक से नहीं हो पा रही थी। ऐसे में उन्होंने एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोबारा बात करने को कहा और कॉल समाप्त कर दिया।
इसके बाद उन्होंने खुद भी निशा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। कुछ ही देर बाद उन्हें निशा की मौत की सूचना मिली। सीबीआई ने उनसे दोनों कॉल के समय, बातचीत के विषय और उस दौरान की परिस्थितियों को लेकर जानकारी जुटाई। जांच टीम का नेतृत्व कर रहे दिल्ली के डीआईजी ने भी अधिवक्ता से पूछताछ की।
'इतनी बोल्ड महिला आत्महत्या कर सकती है, यकीन नहीं होता'
पूछताछ के दौरान अधिवक्ता शिशिर राज ने निशा भगत की मौत को लेकर हैरानी जताई। उनका कहना था कि निशा काफी साहसी और बेबाक महिला थीं। ऐसे में उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि वह आत्महत्या जैसा कदम उठा सकती थीं। मौत से कुछ घंटे पहले कानूनी मदद मांगने के लिए किया गया उनका फोन अब जांच के अहम बिंदुओं में शामिल हो गया है।
फेसबुक लाइव में लगाए थे उत्पीड़न के आरोप
गौरतलब है कि 6 नवंबर को निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए राज्य सरकार और जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। इस घटना के बाद उनके परिजनों ने मौत के पीछे साजिश की आशंका जताई थी।
निशा के माता-पिता, जिनमें झारखंड आंदोलनकारी आनादु भगत भी शामिल हैं, ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। परिजनों की मांग के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद जांच एजेंसी ने मामले को अपने हाथ में लेते हुए अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी लिया था संज्ञान
निशा भगत की मौत का मामला राष्ट्रीय महिला आयोग तक भी पहुंचा था। आयोग ने 7 नवंबर को स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच में तेजी लाने और सात दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने भी मामले की जानकारी लेने के लिए रांची का दौरा किया था।
फिलहाल सीबीआई अलग-अलग लोगों से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों को समझने में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि मौत से पहले निशा भगत किन परिस्थितियों का सामना कर रही थीं और उन्होंने फेसबुक लाइव में जो आरोप लगाए थे, उनकी वास्तविकता क्या थी।