कांटाटोली चौक पर यातायात जागरूकता अभियान, मस्कट ‘प्रताप’ ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेशBy Mid Time Bureau Fri, 23 October 2026 05:14 PM

रांची: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को रांची के कांटाटोली चौक पर यातायात पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान आर्चरी मस्कट (शुभंकर) ‘प्रताप’ के माध्यम से आम नागरिकों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस के पदाधिकारियों और कर्मियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, यातायात संकेतों एवं सड़क चिह्नों का पालन करने और निर्धारित दिशा में वाहन चलाने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के प्रति भी जागरूक किया गया।

यातायात पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने और सड़क सुरक्षा को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और अनमोल मानव जीवन की रक्षा की जा सकती है।

अभियान के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि सुरक्षित यात्रा के लिए सतर्कता और यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से हेलमेट पहनने, सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।