
रांची: सरकारी भूमि के संरक्षण और अतिक्रमण पर रोक लगाने के साथ उपलब्ध जमीन का जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में रांची नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में 23 अक्टूबर को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वार्ड संख्या-46 के कुसई मौजा स्थित कैसर-ए-हिंद भूमि का निरीक्षण किया। खाता संख्या-38, प्लॉट संख्या-14 की इस जमीन का रकबा एक एकड़ 15 डिसमिल बताया गया है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निगम की अभियंत्रण शाखा को क्षेत्र की आबादी, स्थानीय जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों का आकलन कर विस्तृत विकास योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने जमीन पर जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ वेंडिंग जोन और व्यावसायिक दुकानों के विकास की संभावनाओं का अध्ययन करने को कहा। इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ आजीविका के अवसर सृजित करना है।
इसके अलावा जमीन से सटे नदी तट पर पाथवे निर्माण, भूमि के लैंडफिल और समतलीकरण, हाईमास्ट लाइट लगाने तथा लैंडस्केपिंग के लिए भी योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि सरकारी भूमि का संरक्षण करते हुए उसका व्यवस्थित और जनहितकारी उपयोग निगम की प्राथमिकता है। विकास योजनाओं में स्थानीय नागरिकों की जरूरतों, सार्वजनिक उपयोगिता और क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखा जाएगा।
उन्होंने सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात भी कही। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद आरती कुमारी, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता सहित निगम के अन्य संबंधित कर्मी मौजूद थे।