
Khunti: खूंटी में आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक और संत मिखाइल महागिरजाघर के फादर बेनेदिक्त बारला पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में तीन नाबालिगों को निरूद्ध किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस ने पकड़े गए नाबालिगों के पास से 85 हजार 747 रुपये नकद, मोबाइल फोन और कुछ अन्य सामान बरामद किए हैं। यह कार्रवाई खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम यानी एसआईटी ने की है।
चोरी के दौरान फादर से हुआ सामना
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग के मुताबिक, आरोपी चोरी के इरादे से स्कूल परिसर में दाखिल हुए थे। इसी दौरान उनका सामना फादर बेनेदिक्त बारला से हो गया। आरोपियों को पकड़े जाने का डर हुआ और उन्होंने फादर पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया।
तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस आरोपियों तक पहुंची
जांच के दौरान एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई। इसी जांच के आधार पर पुलिस ने तीन नाबालिगों को निरूद्ध किया। अब पुलिस फरार चल रहे चौथे आरोपी की तलाश में जुटी है। साथ ही बरामद नकदी और सामान को लेकर भी जांच की जा रही है कि इसका घटना से क्या संबंध है।